मेरठ, 24 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर इलाके में सोमवार देर रात एक भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच बच्चों सहित 6 लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब कपड़ा व्यापारी इकबाल अहमद अपने दो बेटों आसिम और फारूक के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे। इसी दौरान उनके तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की जानकारी पड़ोसियों ने तुरंत इकबाल अहमद और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन संकरी गलियां होने के कारण दमकल गाड़ियां अंदर तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद पड़ोसियों की छतों के रास्ते से आग बुझाने का प्रयास किया गया और झुलसे हुए लोगों को अस्पताल भेजा गया। मौके पर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी और पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इस हादसे में आसिम कीपत्नी रुखसार (30), उनका 3 वर्षीय पुत्र अकदस, जुड़वां बेटियां नबिया और इनायत, तथा फारूक के बच्चे मेहविश (12) और हम्माद (4) की मौत हो गई। मौत का कारण झुलसना और दम घुटना बताया गया। इकबाल अहमद की पत्नी अमीर बानो और शहजाद का इलाज जारी है। मंगलवार को सभी मृतकों का मुस्लिम रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



