भोपाल, 10 मार्च।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य किए जाने के मामले में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला भाजपा की खरीद-फरोख्त की राजनीति और उसके “चाल, चरित्र और चेहरा” को उजागर करता है। पटवारी ने बताया कि भाजपा यह सवाल उठा रही है कि विजयपुर से एक आदिवासी विधायक विधानसभा कैसे पहुंच गया। भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासी नेता से “औकात” पूछना उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
पटवारी ने घोषणा की कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित करने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट जाएगी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा कांग्रेस की ओर से पैरवी करेंगे। पटवारी ने भाजपा के आदिवासी सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से सवाल करते हुए कहा कि वे बताएं कि क्या इस तरह का कदम सही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच ने आदिवासी समाज का अपमान किया है और लगातार उनके अधिकारों पर प्रहार हो रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को बढ़ती महंगाई दिखाई नहीं देती, लेकिन उसे यह जरूर दिखाई देता है कि एक आदिवासी विधायक विधानसभा कैसे पहुंच गया। उन्होंने इंदौर में 35 बच्चों की मौत और छिंदवाड़ा में जहरीली शराब से हुई जान-माल हानि के मामले में सरकार की लापरवाही पर भी निशाना साधा। पटवारी ने आरोप लगाया कि भोपाल स्थित वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया है और शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को अदालत से अदालत तक गुमराह कर रही है, किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है।
पटवारी ने लाड़ली बहना योजना में बहनों को दिए जाने वाले 3 हजार रुपये के वादे को पूरा न करने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और आम जनता सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राज्य को कर्ज के बोझ से मुक्त कर विकास की नई दिशा दी जाएगी।



