रियाद, 9 मार्च 2026।
सऊदी अरब में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच अल-खर्ज इलाके में एक रिहायशी परिसर पर मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में एक बांग्लादेशी नागरिक भी मारा गया और कम से कम 12 अन्य बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मिसाइल गिरने से इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सऊदी सिविल डिफेंस की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
इससे पहले ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने अल-खार्ज समेत कई स्थानों पर रडार सिस्टम को निशाना बनाया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि रिहायशी परिसर पर गिरने वाली मिसाइल उसी हमले का हिस्सा थी या नहीं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब में रह रहे नागरिकों के लिए सतर्कता का निर्देश जारी किया है। भारतीय नागरिकों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सावधान रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण खाड़ी देशों में सुरक्षा की स्थिति लगातार संवेदनशील बनी हुई है।


