इस्तांबुल, 09 मार्च।
पश्चिम एशिया में पिछले दस दिनों से जारी संघर्ष के बीच सऊदी अरब ने अपने दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित शायबा ऑयलफील्ड पर हमला कर रहे ड्रोन को मार गिराया है। इसके साथ ही राजधानी रियाद के पास भेजे गए दो अन्य ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी सऊदी एयर डिफेंस ने रास्ते में नष्ट कर दिया।
सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह ऑयलफील्ड रब-अल-खली रेगिस्तान में स्थित है। मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो में हाल के दिनों में लॉन्च किए गए कई ड्रोन को सऊदी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट करते हुए दिखाया गया है।
इससे पहले सऊदी सिविल डिफेंस ने अल-खार्ज गवर्नरेट के एक रिहायशी इलाके पर हमले में एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत होने तथा 12 बांग्लादेशियों के घायल होने की जानकारी दी थी।
विगत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले के बाद से ही पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार इस हमले में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत 1,200 से अधिक लोग मारे गए और 10,000 से अधिक घायल हुए।
इसके जवाब में ईरान ने इजराइल, इराक, जॉर्डन और खाड़ी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं।
बहरीन की बाप्को एनर्जीज ने बताया कि स्थानीय बाजार की सभी जरूरतें इमरजेंसी प्लान के तहत पूरी की जा रही हैं ताकि ईंधन की आपूर्ति प्रभावित न हो। कंपनी ने कहा कि वह अपने सहयोगियों और संबंधित संस्थाओं को हालात से जुड़े ताजा जानकारी देती रहेगी।



