भोपाल, 24 फरवरी।
भोपाल में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मंगलवार को ‘किसान महाचौपाल’ का आयोजन किया। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान इसमें शामिल हुए।
महाचौपाल में भाग लेने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल पहुंचे। दोनों नेता दोपहर में विमान से राजा भोज विमानतल पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।
जवाहर चौक पर आयोजित किसान महाचौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की व्यापार नीतियों को किसान हितों के खिलाफ बताया और समझौते पर पुनर्विचार की मांग की।
इधर, सभा स्थल की ओर जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस की स्थिति भी बनी। कुछ स्थानों पर धक्का-मुक्की की घटनाएं सामने आईं। सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) अजय वाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम में आने वालों को प्लेटिनम प्लाजा और वीआइपी रोड डिपो की ओर से प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की ओर यातायात डायवर्ट किया गया है।
इसके बावजूद कई मार्गों पर कार्यकर्ता डटे रहे। प्रवेश में देरी से नाराजगी भी देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।



