झाड़ग्राम, 09 मार्च।
झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जल्द ही बेलपहाड़ी रूरल हॉस्पिटल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। अस्पताल में बेड संख्या बढ़ाई जाएगी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, सीटी-स्कैन, सीसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अमलाशोल, कांकड़ाझोड़ और बांशपहाड़ी जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीज इलाज के लिए करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित अस्पताल पर निर्भर हैं। लंबे समय से स्थानीय लोग सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की मांग कर रहे थे। हाल ही में जिले के स्वास्थ्य ढांचे का निरीक्षण करने पहुंचे राज्य प्रधान स्वास्थ्य सचिव ने इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए।
वर्तमान में अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, जनरल मेडिसिन, दंत चिकित्सा, नेत्र रोग और एनेस्थीसिया सहित कुल 13 डॉक्टर कार्यरत हैं। मलेरिया, डेंगू और विभिन्न रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। एक्स-रे मशीन तो है, लेकिन तकनीशियन की कमी के कारण सेवा सप्ताह में केवल गुरुवार को ही मिलती है।
इस वर्ष 10 फरवरी से इलेक्टिव सिजेरियन ऑपरेशन और ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा शुरू की गई है। फिलहाल सीमित सर्जरी हो पा रही है, लेकिन भविष्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ने पर सभी प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा शुरू करने की योजना है।
अस्पताल में पुरुष, महिला, प्रसूति और शिशु विभाग समेत कुल सात वार्ड हैं। बाह्य रोगी विभाग में प्रतिदिन औसतन 250 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। बेलपहाड़ी ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत ओदोलचुआ और शिलदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी आते हैं। 56 उप-स्वास्थ्य केंद्र भी इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने के बाद आसपास के दूरदराज इलाकों के लोग अपने घर के पास ही बेहतर इलाज पा सकेंगे।



