झाड़ग्राम, 02 मार्च।
जंगलमहल के पर्यटन स्थल झाड़ग्राम जूलॉजिकल पार्क में वन्यजीव प्रेमियों के लिए नई सौगात दी गई है। राज्य की वन मंत्री बीरबाहा हांसदा ने रविवार को पार्क में कई नए एनक्लोजरों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
वन मंत्री हांसदा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पार्क में पर्यटकों के आकर्षण को बढ़ाने के लिए उत्तर बंगाल या बिहार के राजगीर से दो शेर लाए जाएंगे। इसके लिए एक करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एनक्लोजर तैयार किया जा रहा है। साथ ही, ओडिशा के नंदनकानन प्राणी उद्यान से आठ पैंगोलिन भी लाए जाएंगे। एनक्लोजर का निर्माण पूरा होते ही इसे केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को अंतिम अनुमति के लिए भेजा जाएगा।
आगामी तीन महीनों के भीतर उत्तर बंगाल के बंगाल सफारी से दो रॉयल बंगाल टाइगर और करीब डेढ़ महीने में कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर से तीन मगरमच्छ झाड़ग्राम लाए जाएंगे। पार्क प्रबंधन के लिए यह उत्साहजनक है कि पहले लाए गए तेंदुओं का प्रजनन सफल रहा है, जिसे देखते हुए अब शेर और पैंगोलिन के प्रजनन की योजना भी बनाई गई है। इस अवसर पर वन मंत्री ने ट्रैप कैमरों में कैद बाघ, भालू और अन्य दुर्लभ वन्यजीवों की तस्वीरों वाले सूचना बोर्ड का अनावरण किया।
वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ झाड़ग्राम रेंज में मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग ने एक आधुनिक कंट्रोल रूम शुरू किया है। यहां 16 एआई कैमरों के जरिए हाथियों की आवाजाही पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। मंत्री ने बताया कि थर्मल कैमरा युक्त ड्रोन की स्वीकृति मिलने के बाद रात में भी निगरानी और अधिक प्रभावी होगी। इसके अलावा, मगरमच्छ, एंटीलोप, मिश्रित हिरण, एमू, शुतुरमुर्ग और विभिन्न पक्षियों के लिए नए एनक्लोजरों की आधारशिला भी रखी गई।



