पश्चिम मेदिनीपुर, 18 फरवरी।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में बुधवार तड़के एक हाथी शावक के बचाव का संवेदनशील अभियान चलाया गया। मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के पिराकाटा रेंज अंतर्गत रंजा बीट क्षेत्र के मुसना गांव के पास खेत में बने गहरे गड्ढे में हाथी का शावक गिर गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब एक बजे शावक अपनी मां के साथ खेतों के रास्ते से गुजर रहा था। अधिक अंधेरा होने के कारण वह खेत के बीच बने गहरे गड्ढे में गिर पड़ा। शावक के गिरते ही मां हाथी ने तेज चिंघाड़ना शुरू कर दिया और उसे बाहर निकालने का प्रयास करने लगी। हाथी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिराकाटा रेंज और रंजा बीट के वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। मां हाथी गड्ढे के पास ही खड़ी रही, जिससे प्रारंभिक चरण में बचाव कार्य शुरू करना जोखिम भरा हो गया। वनकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए पहले मां हाथी को सुरक्षित दूरी पर हटाया। इसके बाद रस्सियों और अस्थायी ढलान की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद बुधवार सुबह लगभग पांच बजे वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच के बाद उसे उसकी मां के साथ सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेज दिया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों में खुले गड्ढों और कुओं को ढंकने की व्यवस्था करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से वन्यजीवों और लोगों की जान को खतरा न हो। इलाके में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ाने की बात कही है।



