कोलकाता, 07 मार्च।
पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बिहार के दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक नौ मिलीमीटर कार्बाइन, तीन पिस्तौल और कई खाली मैगजीन बरामद की गई हैं।
एसटीएफ के एसपी आईपीएस इंद्रजीत सरकार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बसुदेवपुर थाना क्षेत्र के कयरापुर इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के धोबीतला निवासी आलोक कुमार और मिर्जापुर निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक नौ मिलीमीटर कार्बाइन, दो खाली मैगजीन, तीन सात मिलीमीटर पिस्तौल और छह खाली मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस ने सभी हथियारों और मैगजीन को जब्त कर लिया है।
इस मामले में एसटीएफ थाने में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों को किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।



