जींद।
जुलाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच पिस्तौल बरामद की हैं। आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
डिटेक्टिव स्टाफ जींद के प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि उनकी टीम सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण के नेतृत्व में गतौली बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक गतौली-रामकली रोड पर अवैध हथियारों के साथ खड़ा है और किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से पांच पिस्तौल बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपित की पहचान गांव रामकली निवासी रोमी के रूप में हुई। वह हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद पिस्तौल कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



