सिलीगुड़ी, 05 मार्च।
होली की रात सिलीगुड़ी में प्रधान नगर थाना पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान जंक्शन के एसएनटी इलाके से हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुकेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो सिक्किम का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक होली के अवसर पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर में कड़ी निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि एसएनटी इलाके में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना मिलने के बाद प्रधान नगर थाना पुलिस की टीम ने इलाके में अभियान चलाया और संदेह के आधार पर मुकेश विश्वकर्मा को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित झारखंड से हथियार मंगाकर उसे एसएनटी इलाके में बेचने की योजना बना रहा था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



