सुपौल, 14 फ़रवरी।
जिले के भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र स्थित भीमनगर चेक पोस्ट पर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने एक हिरन का सींग जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा चौकी भीमनगर द्वारा सतर्क ड्यूटी के दौरान की गई।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि वन्यजीव अवयव की तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सुरक्षा बल ने सूचना से मेल खाते एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके बैग से हिरन का एक सींग बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुरेश कुमार देव, ग्राम भवानीपुर, जिला सुपौल के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह बरामद सींग को नेपाल स्थित अपनी बहन के घर ले जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव अवयवों को रखना, ले जाना या व्यापार करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 50 के तहत दंडनीय अपराध है।
आरोपी तथा जब्त अवयव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद वन क्षेत्राधिकारी वीरपुर को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मोहन लाल सहित अन्य एसएसबी जवानों की सक्रिय भूमिका रही। 45वीं वाहिनी ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध तस्करी और वन्यजीव अपराधों पर कड़ी निगरानी जारी रखने की बात कही है।



