पटना, 09 मार्च।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की प्रक्रिया के बीच एक बार फिर समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण पर निकलेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने इस यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
यात्रा 10 मार्च से 14 मार्च तक चलेगी, जिसमें मुख्यमंत्री बिहार के 10 जिलों का दौरा करेंगे। 10 मार्च को यात्रा की शुरुआत सुपौल से होगी और उसी दिन मधेपुरा में रात्रि विश्राम होगा। 11 मार्च को अररिया और किशनगंज का दौरा होगा और इसके बाद मधेपुरा लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे।
12 मार्च को पूर्णिया और कटिहार में कार्यक्रम आयोजित होंगे। 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया का दौरा होगा। यात्रा का अंतिम दिन 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा में कार्यक्रम होंगे, जिसके बाद मुख्यमंत्री पटना लौट आएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा और सात निश्चय योजनाओं के तहत विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे। साथ ही कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक और जनसंवाद कार्यक्रमों में भी वे भाग लेंगे।



