पटना, 16 फरवरी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की दर से कुल 2,500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सरकार के मुताबिक, इससे पहले योजना के तहत 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को 15,600 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। अब ताजा ट्रांसफर के बाद कुल 1 करोड़ 81 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ उठा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर देती है। जिन्होंने अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक चलाया, उन्हें भविष्य में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को हमेशा प्राथमिकता देती रही है। वर्ष 2006 में विश्व बैंक की मदद से ‘जीविका’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जो आज महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुका है।
नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि अगले पांच वर्षों (2025-2030) में ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत इस योजना को विशेष महत्व दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही शेष पात्र महिलाओं को भी सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और परिवार की आय में सुधार होगा और राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।



