पटना, 16 फ़रवरी।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार जीत पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का क्षण है।
नीतीश कुमार ने विशेष रूप से बिहार के युवा बल्लेबाज ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनका यह योगदान न केवल टीम के लिए बल्कि बिहार राज्य के लिए भी गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने संदेश में कहा कि ईशान किशन की यह पारी उनकी प्रतिभा, समर्पण और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि ईशान आगे भी देश और राज्य का नाम रोशन करते रहेंगे।
नीतीश कुमार ने भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस जीत ने देशवासियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया है।


