28 फरवरी, पटना।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना के बांस घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से परिसर निर्माण की वर्तमान स्थिति और प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत बन रही दो-लेन संपर्क सड़क का भी अवलोकन किया। यह सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) के आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ होते हुए बांस घाट तक जाएगी और वहां से जेपी गंगा पथ से जुड़कर शहरवासियों के आवागमन को सुगम बनाएगी।
नीतीश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शवदाह गृह परिसर का निर्माण तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं परिसर में उपलब्ध कराई जाएं।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया और कहा कि यह सड़क बन जाने से नेहरू पथ और जेपी गंगा पथ के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे यातायात सुगमता बढ़ेगी और शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा।
निरीक्षण के दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक और बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा भी निरीक्षण में शामिल रहे।



