हरिद्वार, 24 फरवरी।
हरिद्वार में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने राज्य कर (जीएसटी) विभाग के एक उपनल कर्मी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सतर्कता अधिष्ठान से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म “हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री” वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पूर्व वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के मूल्य संवर्धित कर के रूप में विभाग द्वारा 1.76 लाख रुपये की देनदारी दर्शाई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस देनदारी को समाप्त कराने के एवज में विभागीय कर्मी प्रमोद सेमवाल ने 1.20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को सहायक आयुक्त, राज्य कर खंड-3 कार्यालय के निकट प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की धनराशि भी बरामद कर ली।
आरोपित प्रमोद सेमवाल, पुत्र शिव शरण सेमवाल, निवासी सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारिका विहार, जगजीतपुर कनखल, हरिद्वार, पिछले करीब 18 वर्षों से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत बताया गया है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच जारी है।


