हरिद्वार, 11 फरवरी।
शहर के रिहायशी इलाकों में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही से लोगों में दहशत बनी हुई है। हरिद्वार की राजा गार्डन कॉलोनी में मंगलवार देर रात जंगल से निकलकर दो हाथी आबादी क्षेत्र में पहुंच गए, जिससे अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों को अचानक सामने देखकर सड़क पर मौजूद लोग घबरा गए। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक संतुलन खो बैठा और बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में युवक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा नुकसान टल गया। राहत की बात यह रही कि हाथियों ने युवक पर कोई हमला नहीं किया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कॉलोनी के भीतर हाथियों की मौजूदगी और लोगों में फैली दहशत दिखाई दे रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जगजीतपुर, राजा गार्डन और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से रात में घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है।
रेंज अधिकारी हरिद्वार शीशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और सुबह हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की जानकारी तुरंत विभाग को देने की अपील की है।



