खूंटी, 02 मार्च।
आमतौर पर जंगली हाथियों का आतंक गांव और खेतों तक ही सीमित रहता है, लेकिन सोमवार को एक जंगली हाथी खूंटी शहरी क्षेत्र में घुस गया। सौभाग्य से, हाथी ने किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुँचाया। वन विभाग और प्रशासन की टीम हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी रही।
सुबह लगभग पौने दस बजे दतिया गांव से हाथी खूंटी के नेताजी चौक की ओर बढ़ते देखा गया। लोगों ने अफरातफरी मचाई और हाथी को खदेड़ने की कोशिश की। हाथी महात्मा गांधी धर्मशाला परिसर, अधिवक्ता प्रदीप गौंझू के आवास परिसर और नगर भवन परिसर होते हुए आगे बढ़ा। शहर में हाथी के प्रवेश की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को हाथी से दूर रहने की अपील की।
थोड़ी देर बाद हाथी नगर भवन परिसर से बाहर निकल गया और उसे सुरक्षित रूप से मारंगहादा की ओर जंगली क्षेत्र में खदेड़ा जा रहा था। इसी दौरान हाथी सेरेंग डीह के एक कुएं में गिर गया। वन विभाग की टीम ने तुरंत हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।



