हरिद्वार, 02 मार्च।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दिया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण और पेयजल जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो, वे अधिकारी आपस में समन्वय कर मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी चेताया कि यदि कोई शिकायत समय पर हल नहीं हुई और शिकायतकर्ता दुबारा जनसुनवाई में आता है, तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 36 दिन से अधिक लंबित मामलों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए।



