वाशिंगटन, 23 फरवरी 2026।
मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के प्रमुख नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वेंटेस के सैन्य अभियान में मारे जाने के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई है। हालात बिगड़ने पर अमेरिका और कनाडा ने अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। दोनों देशों ने नागरिकों से ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ नीति अपनाने को कहा है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हिंसा के कारण ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा जैसे बड़े शहरों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। प्यूर्टो वालार्टा में टैक्सी और राइड-शेयर सेवाएं भी बंद कर दी गईं। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने अस्थायी रूप से कामकाज रोक दिया है। अमेरिका ने जलिस्को, तमाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में रह रहे अपने नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों से सतर्क रहने, भीड़ से दूर रहने और गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
दरअसल मेक्सिको की सेना ने जलिस्को राज्य के तापाल्पा इलाके में एक बड़े सैन्य अभियान के दौरान 59 वर्षीय एल मेंचो को घेर लिया था। मुठभेड़ में चार कार्टेल सदस्य मौके पर मारे गए और एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस अभियान में मेक्सिको के तीन सैनिक भी घायल हुए हैं। अमेरिका लंबे समय से एल मेंचो की तलाश में था और उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने पर 15 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया गया था। उसकी मौत के बाद कार्टेल से जुड़े संदिग्ध लोगों ने कई जगह बसों में आग लगा दी और सड़कों को जाम कर सुरक्षा बलों से झड़पें कीं, जिससे तनाव बढ़ गया।
हिंसा के कारण कई एयरलाइंस कंपनियों ने उड़ान सेवाएं स्थगित कर दीं। अमेरिकन एयरलाइंस, एयर कनाडा समेत कई एयरलाइनों ने प्यूर्टो वालार्टा के लिए उड़ानें रद्द कीं, जिससे कुछ पर्यटक अस्थायी रूप से फंस गए। अमेरिकी विदेश विभाग के बयान में कहा गया कि सुरक्षा अभियानों और रोड ब्लॉक के कारण नागरिकों को अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए। कनाडा ने भी अपने नागरिकों से लो प्रोफाइल रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अमेरिकी और कनाडाई एयरलाइनों में यूनाइटेड, अमेरिकन, साउथवेस्ट, अलास्का एयरलाइंस, एयर कनाडा और वेस्टजेट/सनविंग शामिल हैं, जिन्होंने प्यूर्टो वालार्टा, ग्वाडलहारा और मंजानिलो के लिए उड़ानें रद्द कीं। कुछ फ्लाइट्स को रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। साउथवेस्ट एयरलाइंस ने कहा कि हालात सामान्य होने पर फंसे यात्रियों और स्टाफ को वापस लाने के लिए विमान भेजे जाएंगे। इस बीच मेक्सिको की राष्ट्रपति ने एल मेंचो के खिलाफ अभियान में शामिल एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि देश की सरकार शांति, सुरक्षा और न्याय के लिए लगातार काम कर रही है।



