कोलकाता, 02 मार्च 2026
इसी क्रम में कोलकाता स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों के लिए जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। कुल पांच विमान कंपनियों की 20 उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। दुबई, दोहा और अबू धाबी जाने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
विमान कंपनियों के अनुसार रद्द उड़ानों में एमिरेट्स की आठ, कतर एयरवेज की चार, इतिहाद एयरवेज की चार, एयर अरबिया की दो और फ्लाई दुबई की दो उड़ानें शामिल हैं। पश्चिम एशिया के प्रमुख शहरों के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ट्रांजिट यात्रा के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। भारत से यूरोप और अमेरिका जाने वाले यात्री भी इन हवाई मार्गों पर निर्भर रहते हैं, जिससे सेवाएं बाधित होने का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर पड़ा है।
केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई के हवाई अड्डों से भी पश्चिम एशिया के लिए उड़ानों में कटौती की गई है। बढ़ते तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। इससे भारत से बाहर जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों में भी चिंता बढ़ गई है।
इस बीच विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत में मौजूद विदेशी नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने वीजा अवधि बढ़ाने और भारत में ठहरने की व्यवस्था को लेकर हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार की सुरक्षा समिति की बैठक में विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के उपायों पर भी चर्चा की गई है।



