चेन्नई, 02 मार्च।
ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर सोमवार को भी चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखने को मिला। मध्य-पूर्व के देशों के लिए संचालित 15 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के चलते कई मध्य-पूर्वी देशों ने अपने एयरपोर्ट और एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
इससे पहले शनिवार (28 फरवरी) को भी चेन्नई से दुबई, बहरीन, अबू धाबी और मस्कट के लिए निर्धारित 28 उड़ानें रद्द की गई थीं। अगले दिन भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और चेन्नई से शारजाह, दुबई, कुवैत, अबू धाबी, मस्कट और बहरीन के लिए जाने वाली 17 उड़ानें निरस्त रहीं। वहीं इन देशों से चेन्नई आने वाली 16 यात्री उड़ानें भी रद्द कर दी गईं, जिससे कुल 33 उड़ानों पर असर पड़ा।
चेन्नई हवाई अड्डा प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों में एयरस्पेस बंद होने के कारण 15 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क कर उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।



