तेहरान/तेल अवीव/वाशिंगटन, 28 फरवरी 2026।
ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में शनिवार सुबह इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हवाई हमलों के दौरान जोरदार विस्फोट हुए। हमलों के बाद शहर के कई हिस्सों में घना धुआं फैल गया। इजराइल सरकार और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई की जिम्मेदारी लेते हुए इसे अपनी सुरक्षा रणनीति का हिस्सा बताया। हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू करने की घोषणा की। इसी दौरान सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के ठिकाने के पास भी विस्फोट हुआ, हालांकि बताया गया कि वह सुरक्षित स्थान पर भेज दिए गए हैं।
सरकारी और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार खामेनेई के कार्यालय के पास हुए विस्फोट के बाद तेहरान में राष्ट्रपति आवास और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद कार्यालय के आसपास भी धुआं उठता देखा गया। हमलों का असर ईरान के पांच अन्य शहरों पर भी पड़ा, जिनमें कॉम, इशफान, करमनशाह, कराज और लोरेस्तान शामिल हैं। इसके अलावा ईरान रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर के खुफिया निदेशालय को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि वे जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं और हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
इसी बीच उत्तरी इजराइल में भी हवाई हमले के सायरन बजने लगे। बताया गया कि ईरान द्वारा मिसाइलें दागी गई थीं, जो तेल अवीव की दिशा में बढ़ रही थीं। ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोका जाएगा और उसकी सैन्य क्षमताओं को कमजोर किया जाएगा। उन्होंने ईरान के लोगों से सरकार बदलने की भी अपील की।
संघर्ष के माहौल के बीच यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी जल मार्गों और इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज करने का निर्णय लिया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर यह हमला ईरान से उत्पन्न सुरक्षा खतरे को खत्म करने के लिए किया गया है। उन्होंने सहयोग के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया।
तनावपूर्ण स्थिति के कारण भारत से इजराइल की राजधानी तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की उड़ान को वापस मोड़ दिया गया। भारत सरकार ने अपने नागरिकों को इजराइल में सतर्क रहने की सलाह दी है और सभी से सावधानी बरतने को कहा है। इस बीच ईरान ने कहा कि युद्ध अब समाप्त नहीं होगा और वह अमेरिका व इजराइल को कड़ा जवाब देगा।



