रियाद, 03 मार्च 2026
रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ईरान का बड़ा ड्रोन हमला, कुवैत व जॉर्डन स्थित दूतावास भी बने निशाना
सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मंगलवार को ईरान ने अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। तेज धमाके के साथ दूतावास परिसर में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूतावास को दो ड्रोन से निशाना बनाया गया।
मीडिया समूह सऊदी गजट ने सऊदी रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि मंगलवार तड़के रियाद और अल-खारज शहरों के पास आठ ड्रोन मार गिराए गए। प्रवक्ता के अनुसार शुरुआती आकलन में पुष्टि हुई है कि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास को दो ड्रोनों ने निशाना बनाया। इस घटना में इमारत के एक हिस्से में आग लगने से मामूली नुकसान हुआ। वहीं सऊदी अरब ने प्रिंस सुल्तान एयर बेस को लक्ष्य कर रहे पांच ड्रोनों को भी नष्ट कर दिया।
इससे पहले सोमवार को कुवैत और जॉर्डन स्थित अमेरिकी दूतावासों पर भी ईरान ने हमला किया था। कुवैत में हुए हमले के बाद दूतावास परिसर से आग और धुआं उठता देखा गया।
सोमवार को ही दुनिया की प्रमुख रिफाइनरियों में शामिल सऊदी अरामको की रास तानूरा स्थित तेल रिफाइनरी पर भी ड्रोन हमला हुआ। ईरान ने शाहेद-136 ड्रोन के जरिए इस प्रतिष्ठान को निशाना बनाया। यह रिफाइनरी सऊदी अरब के खाड़ी तट पर स्थित एक अहम निर्यात टर्मिनल है। हमले में मामूली क्षति हुई, लेकिन एहतियातन सऊदी अरामको ने रिफाइनरी का संचालन फिलहाल बंद कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका-इजरायली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद तेहरान ने खाड़ी देशों की ओर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं।



