दुबई, 03 मार्च 2026।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु दुबई में फंसे रहने के बाद मंगलवार को सुरक्षित भारत लौट आईं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु पिछले शनिवार से दुबई में ठहरी हुई थीं, जब वह ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए यात्रा पर थीं। क्षेत्रीय हालात बिगड़ने के चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेना पड़ा।
भारत लौटने के बाद सिंधु ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बेंगलुरु में घर वापस आकर सुरक्षित हूं। पिछले कुछ दिन काफी तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे, लेकिन घर लौटकर बेहद राहत महसूस हो रही है। इस कठिन समय में हमारी सहायता करने वाली ग्राउंड टीम, दुबई प्रशासन, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और सभी सहयोगियों का दिल से आभार। उनकी संवेदनशीलता और पेशेवर रवैया शब्दों से परे है। फिलहाल आराम करूंगी और आगे की योजना पर विचार करूंगी।”
सिंधु अपनी टीम और इंडोनेशियाई कोच इरवांशाह आदि प्रातामा के साथ दुबई में मौजूद थीं। रविवार को दुबई एयरपोर्ट के निकट उनके ठहरने के स्थान के पास विस्फोट की घटना के बाद एहतियात के तौर पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया था।
टूर्नामेंट के पहले दौर में सिंधु का मुकाबला थाईलैंड की खिलाड़ी सुपानिदा कातेथोंग से होना था।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। इसके जवाब में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिससे कई क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा और उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।



