हरिद्वार, 18 फरवरी।
धर्मनगरी हरिद्वार में 7 मार्च को प्रस्तावित सहकारिता मेले में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के शामिल होने को लेकर शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रम स्थल बैरागी मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ ने बुधवार को बैरागी मैदान का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में जन संवाद करेंगे और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
जानकारी है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हरिद्वार आ सकते हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एक दिन पूर्व भी बैरागी कैंप क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए थे। बैरागी कैंप को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया गया है, जहां प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी और आगामी कुंभ की तैयारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ के साथ राज्य के गृह सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी-गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एमडी-सिडकुल सौरभ गहरवार, पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल, सीडीओ ललित नारायण मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।



