मुरादाबाद, 27 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में हरथला स्थित गंगा मंदिर के पास शुक्रवार सुबह एक घर के बाथरूम में तेंदुआ घुस गया। घर में मौजूद लोगों ने तुरंत सावधानी बरतते हुए तेंदुए को बाथरूम में बंद कर सुरक्षित दूरी बनाई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और थाना सिविल लाइंस की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर दिया। तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व से विशेष टीम बुलाई गई। टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से घर से बाहर निकालकर बेहोश कर जंगल में छोड़ा।
हरथला निवासी मेघराज प्रजापति ने बताया कि सुबह लगभग छह बजे उन्हें बाथरूम में तेंदुआ दिखाई दिया। परिवार ने तुरंत बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर शोर मचाया, जिससे मोहल्ले के लोग भी मौके पर इकट्ठा हुए।
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी ग्रीश श्रीवास्तव ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में सावधानी बरती गई और तेंदुए को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।



