नाहन, 05 मार्च।
जिला सिरमौर के नाहन में तेंदुए के पंजे काटे जाने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 23 फरवरी 2026 को गांव सतीवाला में राधा कृष्ण आश्रम के पास स्थित शक्ति उर्फ बन्टी के बकरी फार्म में सामने आई थी, जहां एक तेंदुआ शेड के भीतर घुस आया था। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए का रेस्क्यू किया था।
रेस्क्यू के बाद तेंदुए को उपचार के लिए शिमला ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि तेंदुए के आगे बाएं पैर का पंजा चार नाखूनों सहित गायब था। जांच में सामने आया कि पंजा किसी धारदार हथियार से काटा गया था।
मामले की जांच के दौरान पता चला कि आरोपितों ने तेंदुए का पंजा काटने की पहले से योजना बनाई थी। वे दरांती और कुल्हाड़ी लेकर शेड के भीतर गए थे। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपितों के घरों की तलाशी ली, जहां एक पिंजरे में बंद दो वन्य जीव यानी तोते भी बरामद किए गए।
वन विभाग ने इस मामले में शक्ति उर्फ बन्टी पुत्र प्रेम सिंह निवासी मकान नंबर 372/11 रेड क्रॉस रोड, पेट्रोल पंप के पास कच्चा टैंक नाहन तथा नीरज पुत्र रमेश कुमार निवासी मकान नंबर 286/9 रानी ताल, नाहन जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी नाहन की शिकायत पर थाना सदर नाहन में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।



