कोरबा, 02 मार्च।
जिले के कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज स्थित सखोदा परिसर में भालू के हमले से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता प्रदान की है।
जानकारी के अनुसार, सलाईगोट निवासी संतोष कुमार गोंड़ (35) 1 मार्च को सुबह लगभग 11 बजे अपनी बकरियां चराने जंगल गए थे। दोपहर करीब 2 बजे बकरियां घर लौट आईं, लेकिन संतोष कुमार नहीं लौटे। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से वन विभाग को सूचना दी।
रेंजर अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ सखोदा परिसर में तलाश में जुटी। रात लगभग डेढ़ बजे जंगल में संतोष कुमार का शव मिला। शव के पास जंगली जानवर के पैरों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि युवक का सामना भालू से हुआ था और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वन विभाग ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। नियमानुसार, जंगली जानवर के हमले में जनहानि के लिए 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि परिजनों को प्रदान की गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग ने जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने की अपील की है।



