सोनीपत, 23 फरवरी।
सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में तेज गति से हुई सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक गांव भांवर का रहने वाला हरेंद्र था, जो अपनी मौसी के घर से मोटरसाइकिल से लौट रहा था।
परिजनों के अनुसार, गन्नौर से शाहपुर मार्ग पर भांवर गांव के पास सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने हरेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हरेंद्र सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद दोनों आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। मृतक 12वीं कक्षा का छात्र था।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। युवक की असमय मृत्यु से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।



