पानीपत, 23 फरवरी।
गीता यूनिवर्सिटी पानीपत परिसर की कैंटीन में रविवार रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण लगी, जिससे कैंटीन का फर्नीचर और ढांचा जलकर राख हो गया।
हादसे के समय रसोई में खाना बना रहा कुक घायल हो गया, जिसका हाथ आग की चपेट में आने से झुलस गया। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। धमाके के कारण आसपास मौजूद छात्र-छात्राएं सहम गए और सुरक्षित बाहर भागने लगे।
प्रारंभिक जांच में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया था, लेकिन घटनास्थल से मिले वीडियो और साक्ष्यों से गैस रिसाव और सिलेंडर ब्लास्ट की संभावना सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसराना थाना प्रभारी महिपाल ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। विश्वविद्यालय के चांसलर सतपाल बंसल ने बताया कि विश्वविद्यालय का फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय होने से बड़ा हादसा टल गया।



