यमुनानगर, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
शहर के पुराने रेलवे फाटक क्षेत्र में स्थित एक हार्डवेयर प्रतिष्ठान में बुधवार देर रात चोरी का प्रयास करते हुए दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दुकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। आरोपी पहले दुकान के ऊपर बने चौकीदार के कमरे तक पहुंचे और बाहर से कुंडी लगाकर उसे बंद कर दिया, ताकि वह बाहर न निकल सके। इसके बाद लोहे की किसी मजबूत वस्तु की सहायता से दुकान के शटर को लगभग तीन फुट तक उखाड़ा गया।
शटर के भीतर लगे एल्यूमिनियम दरवाजे के शीशे को तोड़कर दोनों युवक दुकान के अंदर दाखिल हो गए। शीशा टूटने के दौरान बिखरे कांच से दोनों के हाथ और पैरों में चोटें भी आईं। इसी बीच कमरे में बंद चौकीदार को स्थिति संदिग्ध लगी तो उसने फोन कर दूसरे चौकीदार को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में दरवाजा खुलवाया गया और दुकान मालिक को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचा और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। जब सभी लोग दुकान के भीतर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। अंदर तलाशी लेने पर दो युवक मौजूद मिले, जिनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम अभिषेक और दर्पण बताए। दोनों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की नीयत से दुकान में घुसे थे। आरोपियों को मौके पर ही पुलिस के हवाले कर दिया गया। दुकान मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि आरोपी पहले भी कई दिनों से दुकान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।


