कोरबा, 23 फरवरी।
कोरबा जिले में अब हाई क्वालिटी डिजिटल कंटेंट तैयार करने के लिए डिजिटल क्रिएटर स्टूडियो की स्थापना की जाएगी। इस स्टूडियो में सभी प्रकार के डिजिटल कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ किए जा सकेंगे। कोरबा क्रिएटर्स टीम के अनुरोध पर महापौर संजू देवी राजपूत ने इस परियोजना के लिए शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया है।
इस पहल से कोरबा जिले की डिजिटल क्षेत्र में पहचान मजबूत होने की संभावना है। स्टूडियो की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन कंटेंट निर्माण से जुड़े युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, ब्लॉगर्स और शिक्षकों को एक प्रभावी मंच प्रदान करना है।
स्टूडियो में प्रोफेशनल स्तर की डिजिटल प्रोडक्शन सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित विभिन्न तकनीकी कार्य किए जा सकेंगे। यह स्टूडियो मार्केटिंग एजेंसी, विज्ञापन कार्य और पॉडकास्ट निर्माण के लिए भी उपयोगी साबित होगा। वर्तमान में ऐसे कार्यों के लिए युवाओं को जांजगीर-चांपा, रायगढ़ या रायपुर जैसे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है।
कोरबा में स्टूडियो खुलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर कोरबा क्रिएटर्स टीम के अभिषेक सिंह, शुभम गोस्वामी, रूपेश बंजारे, आशीष पांडेय, केतन सोनी, तरूण साहू, जय मिरी, अविनाश बंजारे, यश वर्मा, देवेश भारद्वाज, आकाश, बंटी कश्यप सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



