कोरबा, 18 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई में बुधवार सुबह एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव गांव के तालाब में मिला। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार बुद्धू राम मैत्री रोज की तरह सुबह दातून और टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के तालाब में एक शव तैरता दिखाई दिया, जिसकी पहचान बुद्धू राम मैत्री के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उरगा पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।



