सारण, 18 फरवरी।
सोशल मीडिया पर पैसों के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर एक सब-इंस्पेक्टर और एक महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे नगर थाना के सरकारी मोबाइल पर एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो में ईआरवी-01 (112) वाहन पर तैनात महिला सिपाही संख्या 722 इंदु कुमारी को एक व्यक्ति के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत करते हुए देखा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गई। पूछताछ में महिला सिपाही ने स्वीकार किया कि वीडियो लगभग दो माह पुराना है। उस समय ड्यूटी पर उनके साथ पुलिस अवर निरीक्षक जगदीश शर्मा और चालक सिपाही उमेश सिंह तैनात थे।
पुलिस विभाग का कहना है कि इस घटना से विभाग की छवि प्रभावित हुई है। आरोपों को गंभीर मानते हुए सब-इंस्पेक्टर जगदीश शर्मा और महिला सिपाही इंदु कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता ही दिया जाएगा।



