अररिया, 23 फरवरी 2026।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित टाटा शोरूम का शटर तोड़कर दो नई नेक्सॉन कार और एक शोरूम कर्मचारी की नेक्सॉन कार चोरी करने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस ने चोरी हुई दोनों नई कारों को बरामद कर लिया है, जबकि कर्मचारी की कार घटना वाले दिन सुबह शोरूम से पश्चिम लावारिस हालत में पहले ही बरामद कर ली गई थी। पुलिस ने इस मामले में जोकीहाट थाना क्षेत्र के गिरडा निवासी 22 वर्षीय मो. इरफान को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि शोरूम मैनेजर हेमंत कुमार की शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या 85/2026 दर्ज कर धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी, एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के खुलासे के लिए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल में डीआईयू टीम, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, आरएस थानाध्यक्ष अंकुर कुमार, बैरगाछी थानाध्यक्ष नवदीप कुमार गुप्ता, सब इंस्पेक्टर राजनारायण यादव, अमरेंद्र सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान और बीएसएपी 15 के उदित कुमार और सुजीत कुमार शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की, जिसके बाद मो. इरफान को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि एक टाटा नेक्सॉन कार पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के डगरवा ओपी इलाके से और दूसरी कार अररिया नगर थाना क्षेत्र के कुसियारगांव से बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है और चोरी हुई सभी कारों को चार दिनों के भीतर बरामद कर लिया गया।



