सारण, 17 फरवरी।
पानापुर थाना क्षेत्र के मुड़वा ग्राम में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ बच्चा चोर होने की अफवाह फैलाकर मारपीट का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही पानापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और दो विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया।
जानकारी के अनुसार, मुड़वा निवासी मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को कुछ असामाजिक तत्वों ने बच्चा चोर समझ लिया। अफवाह फैलते ही भीड़ ने महिला को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जाँच शुरू की। घटना के संबंध में पानापुर थाना कांड संख्या 51/26 दर्ज की गई। गिरफ्तार अभियुक्त पानापुर के तुर्की गांव निवासी विकास कुमार पिता वकील राम और सोनू कुमार पिता कामेश्वर सिंह हैं। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। संदिग्ध गतिविधि या घटना की आशंका होने पर तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को सूचित करें।



