बक्सर, 26 फरवरी।
ब्रह्मपुर नगर पंचायत में नवविवाहिता नेहा कुमारी (20) की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर के शिव सरोवर से उनका शव बरामद हुआ।
नेहा, द्वारिका राम की पुत्री थीं और उनकी शादी 12 फरवरी को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गांव में हुई थी। कुछ दिन बाद बुधवार को वह ससुराल से मायके ब्रह्मपुर आई थीं। देर रात अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उन्हें खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर के पास तालाब में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का संकेत देता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


