भोपाल, 19 फरवरी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और बूथ स्तर तक सक्रिय संपर्क स्थापित करें। उनका कहना था कि इससे संगठन की मजबूती और जनता के बीच विश्वास दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार जैसे क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना विधायकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि हर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करें और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेकर कार्यों की गति बढ़ाएं।
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की पहचान जनहितकारी योजनाओं से है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विधायकों को जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रशिक्षण कार्यशालाओं का महत्व बताया और कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत 24 फरवरी को मुंबई में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होगी। इसके बाद मंडल और जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं होंगी, जिनमें संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक आधार और जनसंपर्क रणनीति पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि विधायकों को अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास जीतना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि बजट और योजनाओं के माध्यम से विकास, निवेश और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विधायकगण से अपील की कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें और देश व प्रदेश को दुनिया में नंबर एक बनाने की दिशा में कार्य करें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। संचालन संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया और आभार विधायक दल के महामंत्री शैलेन्द्र जैन ने व्यक्त किया।



