जामताड़ा, 23 फरवरी।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया और लोकतांत्रिक परंपरा का पालन किया। मतदान के बाद उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निकाय चुनाव में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
मंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत और जवाबदेह स्थानीय सरकार का गठन संभव है।
उन्होंने निकाय चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। साथ ही कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सकारात्मक भूमिका निभाई है।
मंत्री इरफान अंसारी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।



