रांची, 27 फरवरी।
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को बायो मेडिकल कचरे के निष्पादन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। खासकर धनबाद में ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति और कचरे के समय पर निस्तारण को लेकर सरकार से जवाब तलब किया गया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के विधायक चंद्रदेव महतो ने आरोप लगाया कि जिन जिलों में प्लांट संचालित हैं, वहां भी व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। उन्होंने धनबाद में कार्य कर रही एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से भी शिकायत की गई है।
जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि फिलहाल छह जिलों में बायो मेडिकल कचरा निष्पादन संयंत्र काम कर रहे हैं और अन्य अस्पतालों में भी ऐसी सुविधा विकसित की जाएगी।
मामले पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि धनबाद की संबंधित एजेंसी की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



