बांदा, 27 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम मवई में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मरने से पहले युवक ने अपने ससुर पर गोली मारने का आरोप लगाया था, जबकि ससुर ने दावा किया कि युवक ने खुद को गोली मारकर उन्हें फंसाने की कोशिश की। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मवई निवासी दशरथ राजपूत (23) गुरुवार दोपहर अपने घर के बाहर बैठा था। तभी उसकी बायीं जांघ में बेहद नजदीक से गोली लग गई। घटना की सूचना पड़ोसियों ने खेत पर गए उसके पिता शिवचरण को दी। पिता तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां बाद में मेडिकल कॉलेज बांदा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे दशरथ को गोली लगने की हालत में अस्पताल लाया गया था। गोली बायीं जांघ में नजदीक से लगी प्रतीत हो रही थी। गंभीर हालत के कारण उसे रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक दशरथ की शादी पिछले वर्ष पड़ोसी गांव लौहाई में हुई थी। उसकी पत्नी सपना देवी 26 फरवरी की सुबह लगभग 9 बजे अपने मायके होली मनाने चली गई थी और घटना के समय दशरथ घर में अकेला था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा लग रहा है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और मृतक के घर से ही हथियार भी बरामद किया गया है।



