हरिद्वार, 28 फरवरी।
कोतवाली लक्सर पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसे सुल्तानपुर क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को सुल्तानपुर की एक महिला ने तहरीर दी कि पड़ोसी युवक सोहन ने उनकी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया और गाली-गलौज की। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस गंभीर मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने संभावित ठिकानों और भागने के रास्तों की निगरानी करते हुए तकनीकी और मैनुअल सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशयारी ने बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रियंका, कांस्टेबल किशोर नेगी और महिला कांस्टेबल सरस्वती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को कानूनी व चिकित्सीय मदद उपलब्ध कराई जा रही है।



