अररिया, 26 फ़रवरी 2026।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमांचल दौरे के दौरान सीमा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने और घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तीन दिवसीय सीमांचल दौरे के दूसरे दिन गृह मंत्री अररिया के सिकटी प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं बटालियन के लेटी स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट पर करोड़ों रुपये की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।
गृह मंत्री ने कहा कि सीमा से दस किलोमीटर के दायरे में अवैध अतिक्रमण को खत्म किया जाएगा और घुसपैठियों को देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि घुसपैठियों को बाहर निकालना उनकी प्राथमिकता है और इस लक्ष्य को पूरा करने के बाद ही वे जनता से वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कारण देश की सांस्कृतिक और जनसांख्यिकी संरचना पर असर पड़ रहा है, जिसे रोकना आवश्यक है।
अमित शाह ने बताया कि घुसपैठ रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सुरक्षा एजेंसियों के साथ रणनीति तैयार करेंगी। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा के तहत अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कंटीले तार और बाड़ लगाने का कार्य तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में जनसांख्यिकी बदलाव अधिक देखा गया है, जिसकी समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी।
गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलिपैड और बॉर्डर पोस्ट तक बिहार पुलिस, एसएसबी और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे। कार्यक्रम से पहले गृह मंत्री का स्वागत डीएम, एसपी, सांसद, विधायक और भाजपा नेताओं ने बुके और अंगवस्त्र देकर किया।



