अररिया, 21 फरवरी।
सीमांचल क्षेत्र के रानीगंज स्थित वाईएनपी डिग्री कॉलेज (यदुनंदन–पवित्री डिग्री कॉलेज) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आईएसओ 14001 प्रमाणन प्राप्त किया है। वर्ष 1978 में स्थापित यह महाविद्यालय अब अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण मानकों पर खरा उतरा है।
क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (क्यूआरओ) की विशेषज्ञ टीम द्वारा किए गए ग्रीन ऑडिट और निरीक्षण के बाद कॉलेज को यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था और हरियाली को सराहा गया। विशेषज्ञों ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए अनुकूल है।
महाविद्यालय की इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार आलोक के नेतृत्व को दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए एआईसीटीई से भी स्वीकृति मिली है। वर्तमान में कॉलेज प्रबंधन राष्ट्रीय रैंकिंग में स्थान प्राप्त करने और आगामी नैक मूल्यांकन की तैयारियों में जुटा है।
ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह संस्थान कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। इस उपलब्धि पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, छात्रों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।



