28 फरवरी, कामरूप।
असम में 16वीं विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य दावेदार लगातार अपने क्षेत्रों का दौरा कर जनता के बीच पहुंच बना रहे हैं।
कामरूप जिले का रंगिया विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हाल ही में क्षेत्र का पुनर्निर्धारण हुआ है। अब इसमें कई ऐतिहासिक मंदिर, मठ और नामघर शामिल किए गए हैं। पूर्व में गोरेश्वर, नलबाड़ी और हाजो क्षेत्रों से कुछ मौजा कटकर नए निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल किए गए, जबकि कमलपुर और हाजो के कई हिस्से रंगिया में आए।
निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाता संख्या 2,16,599 है, जिनमें पुरुष मतदाता 1,09,341 और महिला मतदाता 1,07,258 हैं। साथ ही 621 सर्विस मतदाता भी शामिल हैं।
पिछले दो कार्यकालों में भाजपा से भवेश कलिता विजयी रहे हैं। 2016 में उन्होंने कांग्रेस के घनश्याम कालिता को और 2021 में सीपीएम के डॉ. भगवान देव मिश्रा को हराया था। हालांकि, अब भाजपा रंगिया क्षेत्र में उम्मीदवार बदलने पर विचार कर रही है।
भाजपा ने रंगिया में बूथ विजय अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और अन्य नेता अभियान में सक्रिय हैं। इस दौरान वर्तमान विधायक भवेश कलिता की मौजूदगी नहीं देखी गई। चर्चा है कि भाजपा उम्मीदवार के रूप में रातुल शर्मा या नवदीप कलिता को मैदान में उतारा जा सकता है।
विपक्षी पार्टियों की ताकत इस क्षेत्र में सीमित है, हालांकि वामपंथी सीपीएम का भी कुछ प्रभाव है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस गठबंधन के तहत रंगिया सीट वामपंथी उम्मीदवार को दे सकती है, लेकिन अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।


