नई दिल्ली, 27 फरवरी।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की ऑलराउंडर सोफी मोलिनेक्स भारत के खिलाफ जारी बहु-प्रारूप श्रृंखला के शेष मुकाबलों में नहीं खेलेंगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जानकारी दी है कि उन्हें निचली कमर में दर्द की शिकायत है, जिसके चलते उन्हें आराम दिया गया है।
मोलिनेक्स ने ब्रिस्बेन में खेले गए पहले वनडे में हिस्सा लिया था और पांच ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया था। हालांकि इसके बाद उनकी परेशानी बढ़ने पर टीम प्रबंधन ने एहतियातन उन्हें सीरीज से बाहर करने का निर्णय लिया।
उनकी चोट से आगामी वेस्टइंडीज दौरे में भागीदारी पर भी अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। बोर्ड के मुताबिक, उनकी स्थिति पर मेडिकल टीम लगातार नजर रखे हुए है और पूरी तरह फिट होने के बाद ही वापसी पर फैसला किया जाएगा।
हाल ही में उन्हें ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। वह दिग्गज खिलाड़ी एलिसा हीली की जगह नेतृत्व संभालने वाली थीं। भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला में उन्होंने टीम की कमान भी संभाली थी।
मोलिनेक्स का करियर चोटों से प्रभावित रहा है। वह 2022 एशेज, वनडे विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में चोट के कारण नहीं खेल पाईं थीं, जबकि 2023 टी20 विश्व कप से भी एसीएल इंजरी की वजह से बाहर रहीं।



