नई दिल्ली, 24 फरवरी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला टी-20 विश्व कप 2026 के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का 10वां संस्करण 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड में आयोजित होगा। इसमें कुल 12 टीमें भाग लेंगी, जिससे यह अब तक का सबसे बड़ा महिला टी-20 विश्व कप बन जाएगा।
मेजबान इंग्लैंड 12 जून को उद्घाटन मैच में श्रीलंका से भिड़ेगा। 13 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर आयरलैंड और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
20 जून को हेडिंग्ले मैदान पर इंग्लैंड और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे। यह पहला अवसर होगा जब दोनों टीमें इंग्लैंड की धरती पर किसी आईसीसी प्रतियोगिता में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।
हाल ही में नेपाल में आयोजित क्वालीफायर के जरिए बांग्लादेश, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड ने मुख्य टूर्नामेंट के लिए जगह बनाई। ये टीमें गत चैंपियन न्यूजीलैंड, 2009 की विजेता इंग्लैंड, 2016 की चैंपियन वेस्टइंडीज, मौजूदा एकदिवसीय विश्व कप विजेता भारत और छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ खिताबी दौड़ में शामिल होंगी।
नीदरलैंड की टीम पहली बार महिला टी-20 विश्व कप में खेलेगी और अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ करेगी।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम की घोषणा वैश्विक आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि महिला क्रिकेट में भागीदारी बढ़ाने, उच्च प्रदर्शन ढांचे, प्रसारण मानकों और पुरस्कार राशि में निरंतर निवेश किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
ग्रुप ए: ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नीदरलैंड।
ग्रुप बी: वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड।



