रायपुर, 20 फरवरी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की बोर्ड परीक्षाएं आज शुक्रवार 20 फरवरी से शुरू हो गई हैं। पहले दिन 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से प्रारंभ होगी। राज्यभर में परीक्षाओं को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज 12वीं के विद्यार्थी भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय का पेपर दे रहे हैं। वहीं 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं कल हिंदी विषय की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक तय किया गया है।
इस वर्ष प्रदेश में कुल 2514 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल यह संख्या 2523 थी। परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता दलों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी रखेंगे।
आंकड़ों के अनुसार, इस बार 10वीं की परीक्षा में 3,21,489 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि 12वीं में 2,46,098 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। छात्र संख्या के आधार पर राजधानी रायपुर सबसे आगे है। यहां 10वीं के 27,528 और 12वीं के 21,490 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
वहीं सबसे कम परीक्षार्थी नारायणपुर जिले में हैं, जहां 10वीं के 1,547 और 12वीं के 1,368 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और विद्यार्थियों को समय से केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।



